जहानाबाद कोर्ट परिसर में जांच करते पुलिसकर्मी
जहानाबाद सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और कोर्ट परिसर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
हर कोने की बारीकी से की गई जांच
धमकी की सूचना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक दलबल के साथ न्यायालय पहुंचे और पूरे परिसर की गहन तलाशी कराई गई। एहतियात के तौर पर कोर्ट में मौजूद लोगों से बाहर निकलने की अपील की गई, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर हर कोने की बारीकी से जांच की गई।
परिसर में दिखा दहशत का माहौल
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लिया। कोर्ट में आने-जाने वाले सभी लोगों की सख्ती से जांच की गई। मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर के जरिए हर व्यक्ति की तलाशी ली गई, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु को भीतर ले जाने से रोका जा सके। अचानक बढ़ी सुरक्षा और भारी पुलिस बल की मौजूदगी से परिसर में दहशत का माहौल देखा गया।
ये भी पढ़ें:
दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला, दूसरी शादी की तैयारी में था आरोपी पति
'मामले की गंभीरता से की जा रही जांच'
पुलिस अधीक्षक अपराजिता लोहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और धमकी देने वाले की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। वहीं अनुमंडल अधिकारी राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि यह कदम एहतियातन उठाया गया है और पूरे परिसर की जांच जारी है। कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और संदिग्ध ईमेल की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।