Bihar news Jehanabadशादी की खुशियां युवक की मौत के बाद मातम में बदली
जहानाबाज जिले के घोसी थाना क्षेत्र के वैना गांव में शादी समारोह के दौरान नाच-गाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मारपीट में बदल गई कहासुनी
मिली जानकारी के अनुसार वैना गांव निवासी सुरेंद्र चौधरी की बेटी की शादी थी। बारात दीदार गंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर अखाड़ा गांव से आई थी। शादी समारोह के दौरान नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था और बाराती व सराती आनंद ले रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की मौत
बताया जाता है कि मारपीट के दौरान बारात में शामिल युवक सन्नी कुमार को लाठी-डंडे और लोहे की छड़ से बेरहमी से पीटा गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाकर इलाज के लिए काको के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
माता-पिता का इकलौता बेटा था सन्नी
मृतक की पहचान पटना जिले के फतेहपुर अखाड़ा गांव निवासी सदन पंडित के 20 वर्षीय बेटे सन्नी कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सन्नी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:
तेज रफ्तार का कहर, बरात देख रहे युवक को वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत
पुलिस ने क्या कहा?
घटना के बाद परिजन शव को अपने गांव ले गए और घोसी थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।