मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना मुंगेर–बरियारपुर एनएच-80 पर ब्रह्मस्थान स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई, जहां सड़क किनारे खड़ा होकर बरात देख रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया।
मुंगेर की तरफ जा रही कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार बरियारपुर थाना क्षेत्र निवासी आनंदी मंडल के पुत्र चंद्रशेखर कुमार देर रात घर से निकलकर ब्रह्मस्थान स्थित हनुमान मंदिर के पास एनएच-80 किनारे खड़े होकर बरात देख रहे थे। इसी दौरान बरियारपुर से मुंगेर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
बेहद दर्दनाक था हादसा
हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां शारदा देवी और पिता आनंदी मंडल का रो-रोकर बुरा हाल है। मां दहाड़ मारकर विलाप करते हुए कह रही थी कि भगवान मुझे उठा लेते, मेरे बेटे को क्यों मार दिया।
ये भी पढ़ें:
सुपौल में बस पड़ाव निर्माण की जल्द होगी शुरुआत, बायपास परियोजना पर फिलहाल ब्रेक
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था मृतक
बताया जाता है कि मृतक चंद्रशेखर कुमार ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इधर घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।