बिहार के जहानाबाद में ज्वेलरी दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी कांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को जेवर के साथ गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस अधिकारी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि 12 फरवरी 2026 को नगर थाना कांड संख्या 156/26, धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस बड़ी घटना को चुनौती के रूप में लिया और तकनीकी जांच के जरिए इस घटना में शामिल चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का लगा था आरोप
वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ज्वेलरी दुकान से सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी जानकारी और लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में मेंगो संजय, जो श्रीकृष्णानगर का रहने वाला है, और विपिन कुमार, जो खुश ज्वेलर्स का आभूषण दुकानदार है और पंचमहल्ला, थाना-नगर, जहानाबाद का निवासी है, शामिल हैं। पूछताछ के दौरान दोनों की चोरी की घटना में भूमिका सामने आई है।
पढे़ं; दुकान बंद कर रहे व्यापारी पर बरसी गोलियां, एसआईटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बरामद हुए जेवर और अन्य सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से एच (H) लिखा हुआ काला बैग, सीसीटीवी डीवीआर, सोने की चेन, मंगलसूत्र, कानबाली, नथिया सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान की पहचान वादी ने की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर नगर थाना कांड संख्या 1052/25 और 1053/25 में चोरी गए सामान भी बरामद किए गए हैं।
छापेमारी टीम और आगे की कार्रवाई
छापेमारी टीम में नगर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में अपर थानाध्यक्ष, तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य संभावित लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।