सोने का बिस्किट दिखाकर महिला से ठगी
- फोटो : Amar Ujala
जहानाबाद में नकली सोने का बिस्कुट दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ताजा मामले में शहर के मलहचक इलाके की एक महिला को ठगों ने सोने का लालच देकर अपना शिकार बना लिया। ठग नकली सोने का बिस्कुट देकर महिला के कान से सोने की बाली उतरवाकर फरार हो गए। ठगी गई सोने की बाली की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
नकली सोने का बिस्कुट थमाया
पीड़िता ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक में निजी काम से गई थी। बैंक से लौटने के दौरान वह ऑटो में सवार हुई। इसी दौरान ऑटो में बैठे कुछ लोगों ने उसे भारी-भरकम सोने का बिस्कुट दिखाया और बातचीत में उलझाकर लालच देने लगे। ठगों ने महिला को विश्वास में लेकर कहा कि उनके पास असली सोना है। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला के कान से सोने की बाली उतरवा ली और बदले में कथित सोने का बिस्कुट थमा दिया। इसके बाद होरीलगंज के पास महिला को ऑटो से उतारकर आरोपी फरार हो गए। महिला जब उस बिस्कुट की जांच कराने सुनार के पास पहुंची, तो पता चला कि वह पूरी तरह नकली है। यह सुनते ही महिला के होश उड़ गए और उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कराई
घटना के बाद पीड़िता नगर पुलिस थाना जहानाबाद पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि बैंक से बाहर निकलते ही कुछ युवक उसके पीछे लग गए थे और बाद में ऑटो में बैठकर उसे झांसे में ले लिया।
ये भी पढ़ें-
Bihar: भाई की आंखों के सामने हवा में उछला अमन, सुनामी झूले से गिरकर हुई दर्दनाक मौत
पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में सक्रिय ठग गिरोहों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग आसानी से ठगों के झांसे में आ जाते हैं।