युवक की पिटाई करता जदयू नेता अजय सिंह
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड से नवादा में परीक्षा देने आए युवक की जदयू नेता अजय सिंह ने पिटाई कर दी। घटना नवादा शहर के न्यू एरिया मोहल्ले के अखिलेश सिंह के घर के पास की है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में अजय सिंह युवक को डंडे से पीटते दिख रहे हैं। युवक रहम की गुहार लगाता दिख रहा है। युवक कह रहा है, वह गरीब आदमी है उसे छोड़ दीजिए। बावजूद सनकी जदयू नेता ने छात्र की जमकर पिटाई कर दी।
पीड़ित युवक ने बताया कि वह परीक्षा देकर लौट रहा था। तभी अजय सिंह ने उसे रोका। रुकते ही उसके चेहरे पर डंडे से वार किया गया। इसके बाद बुरी तरह पीटा गया। युवक का मोबाइल भी छीन लिया गया। उसके चेहरे से खून बहने लगा।
यह भी पढ़ें: देर रात अचानक कासिम बाजार थाना पहुंचे एडीजी पारस नाथ, ई-साक्ष्य ऐप पर कार्य की ली जानकारी
यह पहला मामला नहीं है, जब अजय सिंह का ऐसा वीडियो सामने आया हो। 23 जुलाई 2023 को भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में उन्होंने एक अंचलाधिकारी के ड्राइवर को नंगा कर दिया था। तब भी लोगों ने इस हरकत की निंदा की थी। अब फिर से मारपीट का मामला सामने आने पर सवाल उठ रहे हैं। भाजपा ने पहले ऐसी घटनाओं को जंगल राज बताया था। अब जब भाजपा और जेडीयू साथ हैं, तो लोग पूछ रहे हैं कि अब इसे क्या नाम दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट में 34 प्रस्तावों पर सीएम नीतीश कुमार ने लगाई मुहर, इन विभागों में नौकरी की बहार
झारखंड से आए युवक के साथ हुई मारपीट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या बाहर से आने वाले हर व्यक्ति के साथ ऐसा ही व्यवहार होगा। सोशल मीडिया पर लोग पोस्ट करके इस घटना निंदा कर रहे हैं और जदयू नेता अजय सिंह की इस हरकत पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।