Bihar News:बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी गया का दौरा कर कैडेट्स को सैन्य नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और रणनीतिक सोच को सफल अधिकारी की पहचान बताते हुए अपने अनुभव साझा किए। पढ़ें पूरी खबर...
अनुशासन और देशभक्ति के माहौल के बीच बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने मंगलवार को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी गया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भावी सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए नेतृत्व, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा पर प्रेरक व्याख्यान दिया।
विज्ञापन
सैन्य अधिकारी केवल वर्दीधारी नहीं मूल्यों का प्रतीक
राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने अपने संबोधन में कहा कि एक सैन्य अधिकारी केवल वर्दीधारी व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह देश की सुरक्षा, सम्मान और मूल्यों का प्रतीक होता है। उन्होंने ईमानदारी, अनुशासन, पेशेवर दक्षता और निरंतर सीखने की भावना को सफल नेतृत्व की नींव बताया।
बदलती चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में सेना के अधिकारियों को मानसिक रूप से मजबूत, रणनीतिक रूप से सजग और नैतिक रूप से दृढ़ रहना जरूरी है।
विज्ञापन
अनुभवों से किया प्रेरित
अपने चार दशक से अधिक के सैन्य अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने श्रीलंका मिशन, सियाचिन की कठिन परिस्थितियां, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान, पूर्वोत्तर भारत और संयुक्त राष्ट्र मिशनों के अनुभवों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कठिन हालात ही एक सैनिक की असली परीक्षा लेते हैं।
कैडेट्स के लिए प्रेरणादायी सत्र
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स और अधिकारियों ने उनके विचारों को गंभीरता से सुना। ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी प्रशासन ने राज्यपाल का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। यह दौरा कैडेट्स के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।