शहर के रामनगर इलाके में 29 अप्रैल को हुए किशोर काजू की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि दो अन्य आरोपियों को 48 घंटे में दबोच लिया गया।
परिजनों के बयान के आधार पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और तकनीकी व खुफिया सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक चाकू और एक खोखा बरामद किया गया है। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि हत्या एक साल पुरानी रंजिश का नतीजा थी। पिछले वर्ष 3 अगस्त को मृतक काजू और उसके साथियों ने आरोपी रोहित कुमार के भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद काजू को बाल सुधार गृह भेजा गया था। इसी रंजिश में सोनू कुमार और उसके साथियों ने काजू की गोली मारकर हत्या कर दी।