गोलीकांड की जांच में जुटी पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के गयाजी जिले में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार देर रात नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के गोपालनगर गांव की है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान गोपालनगर गांव निवासी धनेश्वर मांझी के 40 वर्षीय पुत्र मदन राजवंशी के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के करीब दो घंटे बाद नीमचक बथानी थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई।
सूचना मिलते ही नीमचक बथानी अनुमंडल के डीएसपी सुनील सिंह, बथानी थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात पूर्व से चले आ रहे जमीन विवाद के कारण अंजाम दी गई है। डीएसपी सुनील सिंह ने बताया कि हत्या का आरोप मृतक के गोतिया (रिश्तेदार) पर लगाया जा रहा है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद घटना के कारणों की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। एहतियातन कई ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- Bihar: थावे दुर्गा मंदिर में बड़ी चोरी, मां के आभूषण और लॉकर से लाखों की नकदी ले उड़े चोर; सुरक्षा पर उठे सवाल
जिस हथियार से गोली चलाई गई थी, उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी सूचना दी गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।