मगध प्रक्षेत्र के आईजी के साथ बरामद बालक
- फोटो : Amar Ujala
औरंगाबाद जिले के ओबरा से चार दिन पहले अगवा किए गए चार वर्षीय बालक आदविक पराशर को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार भी किया है। बच्चे की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने मंगलवार को बताया कि 16 मई को वट सावित्री पूजा के दौरान ओबरा देवी मंदिर परिसर से बच्चे का अपहरण कर लिया गया था। घटना के बाद ओबरा थाना में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
15 पुलिस टीमों ने कई राज्यों तक खंगाले सीसीटीवी फुटेज
आईजी ने बताया कि औरंगाबाद एसपी अंबरीश राहुल के नेतृत्व में दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास की निगरानी में एसआईटी गठित की गई थी। बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए 15 अतिरिक्त पुलिस टीमें भी लगाई गईं। जांच के दौरान अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को ट्रेन में ले जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस टीमों ने Gaya, कोडरमा, गोमो, धनबाद और आसनसोल तक रेलवे स्टेशनों के फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी ट्रैकिंग से गया में मिला सुराग
सीसीटीवी फुटेज में महिला बच्चे के साथ गया जंक्शन पर दिखाई दी। इसके बाद वह डेल्हा बस स्टैंड पर टोटो से उतरकर खरखुरा रोड की ओर जाती नजर आई। पुलिस ने तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के आधार पर खरखुरा रोड स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी की। यहां से अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
ये भी पढ़ें-
Bihar: 'देश में 123 बार लीक हुआ पेपर, फिर भी मौन है सरकार'; नीट पेपरलीक पर पप्पू यादव ने सरकार पर साधा निशाना
आरोपी महिला गिरफ्तार
पुलिस ने बच्चे को अगवा करने के आरोप में गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के दुल्हाबिगहा निवासी रवींद्र पासवान की पत्नी रंजू देवी (40) को गिरफ्तार किया है। वह फिलहाल गया के डेल्हा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर रही है कि वह किसी अन्य आपराधिक मामले में भी शामिल रही है या नहीं।
मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा बच्चा
पुलिस ने बताया कि बच्चे की मेडिकल जांच कराई जा रही है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आदविक को उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।