अस्पताल में पहुंचे पुलिसकर्मी और परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के औरंगाबाद में अवैध बालू लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर को रोकने पर चालक ने एक सिपाही को बुरी तरह कुचल दिया। रविवार सुबह हुए इस हादसे में मौके पर ही दाऊदनगर थाने में पदस्थापित जिला पुलिस बल के जवान दीपक सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक सिंह खनन विभाग में पदस्थापित थे। उनकी ड्यूटी सिपहां चेक पोस्ट से नहर वाले रास्ते में अवैध खनन को रोकने के लिए लगी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को खदेड़ने के दौरान यह दुर्घटना हुई। मृतक भोजपुर जिला अंतर्गत आरा के सरैया थाना क्षेत्र के कुदरिया गांव के निवासी थे, जो दाऊदनगर में तैनात थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय पुलिस ने अवैध बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा किया। मूसेपुर खैरा के पास सिपाही दीपक सिंह ने वाहन से उतरकर ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। तभी ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया।
बताया जा रहा है कि अचानक हुई इस घटना में दीपक सिंह को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की डायल 112 की टीम ने तुरंत दीपक सिंह को मौके से उठाकर दाऊदनगर के निजी हॉस्पिटल अरविंद हॉस्पिटल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही दाऊदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषिराज, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष फहीम आजाद खान समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने घटना की जानकारी ली और घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण भी किया। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
इधर, दीपक सिंह के निधन से उनके परिवार और सहयोगियों में शोक व्याप्त है। पुलिस विभाग ने उनके परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है और इस घटना की गहन जांच की जा रही है ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिल सके। इस घटना ने जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई को और भी तेज कर दिया है।