औरंगाबाद से बच्चा न होने पर ससुराल वालों द्वारा एक विवाहिता को मार देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना औरंगाबाद के गोह थानाक्षेत्र के दुल्ला बिगहा गांव की है। मृतका की पहचान दुल्ला बिगहा निवासी महेश शर्मा की पत्नी सुनीता कुमारी (26) के रूप में की गई है। मामले में मृतका के मायके वालों ने स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि साल 2018 में बारुण थानाक्षेत्र के चुरा गांव निवासी रामसकल शर्मा की बेटी सुनीता कुमारी की शादी दुल्ला बिगहा निवासी दिवंगत तेतर शर्मा के बेटे महेश शर्मा से हिंदू रीति-रिवाज से की गई थी। शादी के वक्त मायके वालों ने अपनी हैसियत के मुताबिक वर पक्ष की जरूरी मांगों को पूरा किया था। शादी के कुछ ही दिनों बाद विवाहिता को बच्चा न होने को लेकर ससुराल वाले ताने देने लगे। साथ ही इसे लेकर आए दिन उसे प्रताड़ित और मारपीट करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर मायके वालों ने बेटी के ससुराल आकर गांव-समाज के लोगों के साथ पंचायत कर ससुराल वालों को समझाया-बुझाया। इसके बावजूद ससुराल वाले विवाहिता को प्रताड़ित करते रहे और दहेज की भी मांग करने लगे।
उन्होंने बताया कि ससुरालियों ने साफ कह दिया कि रुपये न देने पर लड़की को घर में नहीं रखेंगे। रुपये दें नहीं तो आप लड़की को ले जा सकते हैं। इस पर लड़की के पिता ने रकम देने में असमर्थता जताई और वे रुपए नहीं दे सके। इसी बीच दहेजलोभी ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या कर दी। इसके बाद मृतका के पति महेश शर्मा ने फोन कर उन्हें यह सूचना दी कि सुनीता की मौत हो गई है। सूचना देने के बाद ससुरालियों ने शव को गांव के ही शमशान में जला दिया। इसकी सूचना मिलते ही विवाहिता के पिता, भाई और रिश्तेदार लोग मृतका के ससुराल पहुंचे तो वहां देखा कि घर का दरवाजा बंद है। परिवार के सभी सदस्य घर से फरार हैं। इस दौरान उन्हें गांव वालों ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य श्मशान घाट पर गए हैं। जब मायके वाले श्मशान घाट पर पहुंचे तो देखा कि शव जल रहा है और वहां कोई नहीं है। शव को जलते देख लड़की के पिता और रिश्तेदारों के होश उड़ गए।
इसके बाद मायके वाले आनन-फानन में गोह थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले में मृतका के पिता रामसकल शर्मा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई। उसमें मृतका के पति महेश शर्मा, रिश्तेदार राकेश शर्मा और युगेश शर्मा सहित छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। वहीं, गोह थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। मामले की जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।