अरवल जिले के अहियापुर लख घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय रिशु कुमार की सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने तीन दोस्तों के साथ स्नान करने गया था, तभी बालू खनन से बने गहरे गड्ढे में फंसकर डूब गया।
अरवल जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित अहियापुर लख घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ सोन नदी में स्नान करने गया 19 वर्षीय युवक बालू खनन से बने गहरे गड्ढे में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद युवक का शव नदी से बरामद किया गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
विज्ञापन
दोस्तों के साथ नहाने गया था युवक
मिली जानकारी के अनुसार खानगाह मोहल्ला निवासी विनोद पासवान का 19 वर्षीय पुत्र रिशु कुमार अपने दोस्तों प्रिंस, मौसम महर्षि और आकाश कुमार के साथ अहियापुर लख घाट पर सोन नदी में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान चारों युवक नदी में आगे की ओर चले गए। इसी दौरान बालू खनन से बने गहरे गड्ढे में उनका पैर फिसल गया और चारों डूबने लगे।
चारों युवकों को डूबता देख घाट के पास मौजूद मछुआरे तुरंत नदी में कूद पड़े। काफी प्रयास के बाद मछुआरों ने प्रिंस, मौसम महर्षि और आकाश कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि रिशु कुमार गहरे पानी और तेज बहाव में लापता हो गया। युवक के लापता होते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों को सूचना दी गई।
एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने रिशु कुमार का शव नदी से बरामद कर लिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोन नदी में अवैध और अत्यधिक बालू खनन के कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। ये गड्ढे नदी में स्नान करने आने वाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक स्थानों को चिन्हित कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। रिशु कुमार की असमय मौत से खानगाह मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक हादसे से सदमे में हैं। रविवार की सुबह परिवार और मोहल्ले के लोगों के लिए ऐसी दर्दनाक याद छोड़ गई, जिसे वे शायद ही कभी भूल पाएंगे।