गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि और गांधी घाट पर जलस्तर के उच्चतम बाढ़ स्तर (Highest Flood Level) को पार करने के बाद अब पानी का दबाव डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में रहेगा। इसका प्रभाव अगले एक से तीन दिनों तक हाथीदह और उसके बाद के डाउनस्ट्रीम गेज स्टेशनों पर देखने को मिल सकता है। जलस्तर हाथीदह में पुराने उच्चतम बाढ़ स्तर को भी पार कर सकता है। ऐसे में बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार जिले में गंगा के किनारे बसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
गांधी घाट पर बढ़े हुए जलस्तर की लहर के डाउनस्ट्रीम की ओर बढ़ने को देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अधिकारियों को सतर्क रहने तथा जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, नदी के जलस्तर, तटबंधों, संवेदनशील स्थलों और निचले इलाकों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार पहले से एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित विभागीय और क्षेत्रीय अभियंताओं को बाढ़ नियंत्रण से संबंधित सभी संसाधनों और मशीनरी को तैयार स्थिति में रखने को कहा गया है।