बिहार में राजद सुप्रीमो लालू यादव व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। आवास के बाहर भीड़ देख पहुंची सचिवालय थाने की पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। सुरक्षाकर्मियों का आरोप है कि आए दिन तेजस्वी यादव से मिलने वाले लोगों को सचिवालय पुलिस यहां से भगा देती है
राजधानी में बृहस्पतिवार को को राजद सुप्रीमो लालू यादव व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। घटना के विषय में बताया जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास के बाहर भीड़ जमा थी । भीड़ देखकर सचिवालय पुलिस वहां पहुंची और लोगों को भगाने लगे।
इसके बाद सचिवालय के थानाध्यक्ष ने आवास पर मौजूद सुरक्षा गार्डों से कहा कि यहां से लोगों को हटाइये। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षा गार्डों ने कहा कि मैं इन्हें नहीं भगा सकता हूं । गार्ड ने कहा कि आप यहां से चले जाएं वरना गोलियां चल जाएगी। सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि जिन्हें सचिवालय थाने की पुलिस भीड़ बताकर हटा रही थी वे पार्टी के नेता हैं, जो मीटिंग में भाग लेने आए थे। हालांकि पार्टी नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।