पटना में 18 लाख रुपये के सिक्कों की लूट में चौकाने खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि पुलिस ने पैसे लेकर लुटेरों को छोड़ दिया। पटना के वरीय अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थानेदार समेत पांच पुलिसकर्मियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। मामला 5 जुलाई की देर रात नौबतपुर थाना क्षेत्र के गोआए गांव के पास का है।
दो बाइक सवार बदमाशों ने कैश मैनेजमेंट कंपनी की पिकअप वैन लूट ली थी। जिसमें 18 लाख रुपये के सिक्के थे। सिक्के दस, पांच और दो रुपये के थे। उसी रात बेउर थाने की गश्ती पुलिस ने बदमाशों को पिकअप वैन के साथ पकड़ लिया था। जिसमें सुधीर उर्फ सोनू, पप्पू,पंटू समेत दो अन्य लुटेरे शामिल थे। सुधीर पिकअप वैन चला रहा था। पुलिस सभी को थाने पर लेकर गई। जहां थानाध्यक्ष और अन्य ने डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय किया। इसके बाद उन्होंने सोनू को पिकअप वैन के साथ छोड़ दिया।
अन्य तीन आरोपियों को एक दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। उसके बाद उनसे भी घूस लेकर उन्हें भी छोड़ दिया गया। घटना में कैश मैनेजमेंट कंपनी के चालक के मिले होने की बात सामने आई है। छूटने के बाद चालक ने मनगढ़ंत कहानी रची और मसौढ़ी से पुलिस को कॉल कर बताया कि लुटेरे सिक्केे लूटने के बाद उसे यहां छोड़ गए। डीआईजी सेंट्रल, आर कुमार ने बताया कि इस मामले में थानेदार समेत पांच पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने 1.5 लाख रुपये की मोटी रकम लेकर चोरों को छोड़ दिया था।