नालंदा में फायरिंग के बाद घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बात-बात पर फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को दो बड़े मामले सामने आए। नालंदा में मामूल विवाद में पंचायत समिति सदस्य के भाई को अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे पटना रेफर कर दिया गया। इधर, कटिहार में दो युवकों को गोली मारे जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। दोनों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
नालंदा: नल-जल का मोटर खराब करता था, पूछा तो मारी गोली
नालंदा में अस्थावां थाना क्षेत्र के चकपर गांव में मामूली विवाद में बदमाश ने पंचायत समिति सदस्य पिंटू यादव के भाई संजय यादव (45) को गोली मार दी। बचने के क्रम में गोली पैर में लगी, इसलिए जान नहीं गई। खून बहने के कारण स्थिति खराब देख बिहारशरीफ सदर अस्पताल ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। जख्मी ने पुलिस को प्राथमिक जानकारी दी कि एक युवक गांव में लगे नल जल के मोटर को बार-बार खराब कर रहा था। परेशानी से जूझते लोगों को देखकर उससे इसकी वजह पूछी तो उसने गोली चला दी। सदर डीएसपी डॉ. शिब्ली नोमानी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तार के लिए छापेमारी की जा रही है।