मृतका पूनम देवी अपने पति ज्योतिष कुमार के साथ
- फोटो : फाइल फोटो
बिहार के जमुई में ससुर और बहु के रिश्तों को शर्मसार करने का एक मामला सामने आया है। जहां एक ससुर ने अपनी बहू से जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। लेकिन बहू ने इसका विरोध किया तो ससुर ने उसका गला दबा कर हत्या दी। घटना जिले के खैरा थाना क्षेत्र के कोदबरिया गांव की बीते रात की है। मृतक महिला की पहचान सोभाखन गांव निवासी ज्योतिष कुमार की पत्नी पूनम देवी (19) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बांका जिला अंतर्गत बेलहर थाना क्षेत्र के सरसडा गांव निवासी राजू दास ने अपनी बेटी पूनम कुमारी की शादी बीते 14 अप्रैल 2022 को जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदबरिया गांव निवासी शंकर दास के बेटे ज्योतिष कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के साथ की थी। कुछ महीनों तक ठीक से दोनों पति-पत्नी रहे। लेकिन पांच, छः महीने बाद ही ससुर और पति किसी न किसी बात को लेकर पूनम के साथ मारपीट करने लगे।
वहीं, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुर शंकर दास अपनी 19 साल की बहू पूनम देवी से शारीरिक संबंध बनाना चाह रहा था। इसका विरोध करने पर ससुर ने अपनी बहू पूनम देवी की गुरुवार की रात गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के परिजनों ने बताया कि ससुराल वालों द्वारा पूनम के साथ की जा रही मारपीट की सूचना पर उसकी मां गुरुवार को उसके ससुराल वालों को समझाने के लिए कोदबरिया गांव गई थी। जहां पूनम के ससुर शंकर दास, दमाद ज्योतिष कुमार, देवर केदार कुमार, सास मीना देवी और ननद काजल कुमारी सामने में ही पूनम देवी के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान बीच-बचाव करने गई उसकी मां के साथ भी ससुराल वाले मारपीट करने लगे। इस दौरान वह किसी तरह से अपनी जान बचाकर भागी और अपने घर पहुंचकर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी।
परिजनों ने बताया कि इसके बाद ग्रामीण पूनम के ससुराल वालों को समझाने के लिए शुक्रवार की सुबह उसके ससुराल जाने वाले थे। लेकिन गुरुवार की रात को खबर आई कि पूनम की हत्या कर दी गई है। उसके बाद मायके वाले उनके ससुराल पहुंचे और घटना की जानकारी खैरा थाना को दी। वहीं, सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। फिर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।