परीक्षा केंद्र का गेट बंद होने के बाद हंगामा करते परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में नालंदा के बिहारशरीफ के 29 केंद्रों पर मद्य निषेध सिपाही भर्ती की परीक्षा ली जा रही है। रविवार को कुछ परीक्षार्थी विलंब से सेंटर पहुंचे। तब तक परीक्षा केंद्र का गेट बंद हो चुका था। इसके बाद परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। नगर थाना क्षेत्र के आरपीएस स्कूल के पास दर्जनों परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया, जब परीक्षा केंद्र का गेट नहीं खुला तो परीक्षार्थी बीच सड़क पर उतर आए और थोड़ी देर के लिए यातायात को रोक दिया।
इस घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को मिली। उसके बाद गश्ती दल मौके पर पहुंचा और परीक्षार्थियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ परीक्षार्थियों के साथ पुलिस की हाथापाई भी हुई, तो कुछ परीक्षार्थियों को हिरासत में लेकर पुलिस अपने साथ चली गई। वहीं, परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके साथ बदतमीजी की और मारपीट भी की है।
परीक्षार्थी को हिरासत में लेती पुलिस
सिपाही भर्ती परीक्षा से वंचित परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि समय से पहले ही परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया गया। इस कारण वे लोग परीक्षा देने से वंचित रह गए हैं। जबकि कई सेंटरों पर नौ बजे के बाद भी परीक्षार्थियों की एंट्री ली गई है। वहीं, कुछ परीक्षार्थियों ने ट्रैफिक का हवाला देते हुए लेट होने की वजह बताई। मामला जो भी हो अलग-अलग केंद्रों पर 100 से भी अधिक परीक्षार्थी लेट पहुंचने के कारण परीक्षा से वंचित रह गए हैं।
अधिकारी बोले- समय अनुसार ही परीक्षा केंद्र का गेट बंद हुआ
मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि समय अनुसार ही परीक्षा केंद्र का गेट बंद हुआ है। परीक्षार्थियों का आरोप बेबुनियाद है। समय से परीक्षार्थी अपने केंद्र नहीं पहुंच सके। इसलिए ये लोग परीक्षा से वंचित रह गए हैं। दरअसल, केंद्रीय चयन परिषद सिपाही भर्ती द्वारा मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही के पद पर नियुक्ति के लिए परीक्षा का आयोजन हो रहा है। इसे लेकर बिहार शरीफ के 29 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा ली गई। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई जो 12 बजे तक चली। 20,006 परीक्षार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया।