बिहार के बेगूसराय के बरौनी एफसीआई ओपी क्षेत्र में एनएच 31 पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां शनिवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक पूर्व पुलिसकर्मी को कुचल दिया। इस हादसे के बाद वहां गश्त कर रही पुलिस टीम ने उसकी जान बचाने के लिए गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र अंर्तगत गोनावां गांव निवासी विमल प्रसाद के बेटे संजय कुमार (60) के रूप में हुई। संजय कुमार बेगूसराय जिले के सहायक थाना सिंघौल इलाके अंतर्गत विनोदपुर गांव स्थित अपने ननिहाल में सालों से रह रहे थे।
परिजनों ने बताया कि शनिवार की अहले सुबह घर से सूचना मिली कि संजय कुमार की सड़क दुघर्टना में मौत हो गई है। घरवालों ने बताया कि संजय कुमार ने झारखंड पुलिस से ऐच्छिक सेवानिवृति ली थी और सपरिवार अपने ननिहाल विनोदपुर गांव में रहते थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की देर रात वह अपनी बाइक से पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र अंर्तगत वार्ड संख्या 11 मोल दियार मोहल्ला जा रहे थे। उसी दौरान एफसीआई ओपी क्षेत्र अंतर्गत एनएच 31 पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
उन्होंने बताया कि आनन-फानन में पुलिस टीम ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सर्जिकल वार्ड में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई।