मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा बिहार विधान सभा में दिए गये विवादित बयान और फिर अगले ही दिन हम के संरक्षक जीतन राम मांझी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के बाद मुख्यमंत्री की खूब आलोचना हुई। इसका नतीजा यह हुआ कि कुछ दिनों तक मुख्यमंत्री मीडिया के सामने आने से बचते रहे। लेकिन फिर जैसे ही वह मंच पर पहुंचे, एक बार फिर अपने ही मंत्री को तुम-ताम करने लगे। यह उस समय हुआ जब रविवार को जदयू के द्वारा भीम संसद सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में दलित और महादलित समाज के लोग शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री भाषण देने दौरान महादलित समाज से आने वाले मंत्री रत्नेश सदा को अभद्रता से संबोधित करने लगे। अब इस बात को लेकर जीतन राम मांझी ने फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है।
करारा जवाब मिलेगा
जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीतीश कुमार के मंत्री रत्नेश सदा का पक्ष लेते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने भीम संसद के कार्यक्रम का वीडियो शेयर किया है, जिसमें मुख्यमंत्री मंत्री रत्नेश सदा को कहते दिख रहे हैं “तोरा हम मंत्री बनाए हैं और कुछ जनबे नहीं करते हो।” वीडियो को शेयर करते हुए जीतन राम मांझी ने लिखा है कि “नीतीश जी वैसे तो दलितों को तुम तड़ाक और गंदी भाषा से ही संबोधित करतें रहें हैं पर कम से कम मंत्री पद की गरिमा का तो ख्याल रखते। मुझे गाली दी तो रत्नेश जी CM के पक्ष में खड़े हो गएं देखिए पक्ष लेने का नतीजा। “गालीबाज” नीतीश कुमार जी आपके हर गाली और बेईज्जती का करारा जवाब मिलेगा।
पोस्टर पर भी उठाया सवाल
जीतनराम मांझी यहीं नहीं रुके बल्कि पोस्टर में लेकर भी उन्होंने नीतीश कुमार पट तंज कसा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रचार प्रसार के लिए लगाये गये पोस्टरों में सभी का नाम है, लेकिन रत्नेश सदा और नील का नाम है, लेकिन फोटो नहीं है। मांझी ने आगे कहा कि भीम राव अंबेडकर के नाम पर भीम संवाद कर रहे हैं, लेकिन फोटो गायब है।