बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित करने के लिए चुनाव आयोग को बिहार सरकार की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। बिहार सरकार से चुनाव तैयारियों, पर्व त्योहारों और परीक्षाओं के मद्देनजर रिपोर्ट मांगी गई है। एक-दो दिन में इस रिपोर्ट के बाद आयोग इसी सप्ताह चुनाव तारीखों का ऐलान कर सकता है।
आयोग के सूत्रों के मुताबिक चुनाव छह चरणों में हो सकते हैं। आयोग दशहरा से पहले कम से एक चरण का चुनाव संपन्न कराने पर विचार कर रहा है। दशहरा 22 अक्टूबर को है और 11 नवंबर को दीपावली है।
इन दोनों त्योंहारों के बीच चार चरणों के चुनाव कराए जा सकते हैं। तो दीपावली और छठ के बीच भी एक चरण का चुनाव संभव है। आयोग की तारीखों के बाबत केंद्रीय गृह मंत्रालय और रेलवे मंत्रालय से बातचीत हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह मंत्रालय ने अर्द्धसैनिक बलों की पर्याप्त कंपनियों को उपलब्ध कराने की तैयारी कर ली है। अन्य राज्यों के अलावा जम्मू कश्मीर से भी अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां बिहार जाएंगी।