राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने शनिवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित निषाद रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। लालू ने कहा कि मोदी के झूठ की वजह से ही भूकंप आ रहा है। मोदी सरकार झूठ की सरकार है।
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रजातंत्र फेल हो जाएगा। लालू और नीतीश का वोट मिल गया, तो भाजपा का कहीं निशान नहीं मिलेगा। नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए लालू ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले मोदी ने कहा था कि काला धन लाएंगे और सबके खाते में साढ़े 15 लाख रुपये जमा होगा। अब मोदी बताएं कि पैसा कब मिलेगा।
लालू ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके खाते में पैसा तो मोदी ने नहीं डाला, लेकिन आपसे जमीन छीनकर विदेशियों को दे रहे हैं। लालू ने कहा कि मोदी प्रचार के माध्यम से गरीबों के हितैषी बन रहे हैं और मनरेगा, इंदिरा आवास जैसी योजनाओं में कटौती हो रही है।
हर साल पांच करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने की बात कही गई थी, सरकार बनी तो बहाली पर रोक लगा दी गई। उन्होंने मोदी सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया।