रोते बिलखते परिजन व मोनू की फाइल फोटो
- फोटो : Amar Ujala Digital
तमिलनाडु के दासनपुर मजदूरी करने गए सिकंदरा के एक युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक युवक की पहचान सिकंदरा प्रखंड मुख्यालय स्थित वार्ड नंबर 12 रविदास टोला निवासी कृष्ण दास के 18 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सिकंदरा निवासी कृष्ण दास के दो पुत्र तुलसी कुमार और सोनू कुमार पिछले पांच वर्षों से तमिलनाडु के दासनपुर में रहकर एक निजी कंपनी में मजदूरी कर रहे हैं। तीन माह पूर्व तुलसी कुमार के सांझले भाई मोनू कुमार भी तमिलनाडु के दासनपुर चला गया था। तीनों भाई एक ही कमरे में रह रहे थे।
शनिवार की शाम जब दोनों भाई कंपनी से काम कर वापस आए तो देखा कि कमरे का दरवाजा बंद है। फंदे से मोनू कुमार का शव लटका हुआ है। भाइयों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची मोनू के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मजदूरों में दहशत, पहले भी हुए हादसे
इधर, मृतक के परिजनों का कहना है कि इसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है। एक सप्ताह पूर्व भी तमिलनाडु के तिरुपुर में सिकंदरा थाना क्षेत्र के धधौर निवासी दो भाइयों पर हमला कर एक भाई की हत्या कर दी गई थी। इन दो घटनाओं से अलग दूसरे तरह के नए-पुराने वीडियो को जोड़कर अफवाह फैलाए जाने की वजह से माहौल और खराब हो गया। अफवाहों के कारण हजारों की संख्या में मजदूर तमिलनाडु से पलायन करने को भी मजबूर हैं।