सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में छपरा व्यवहार न्यायालय के वरीय अधिवक्ता सह अपर लोक अभियोजक (APP) पवन कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की अहले सुबह उनके घर के समीप स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। दो दिनों से लापता चल रहे अधिवक्ता का शव मिलने के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं, भगवान बाजार थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
शुक्रवार घर से लापता थे वकील
बताया जाता है कि एपीपी पवन कुमार शुक्रवार की अहले सुबह से ही घर से लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उनकी पत्नी रेणु सिन्हा ने भगवान बाजार थाना में आवेदन देकर किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सारण पुलिस से अपने पति की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई थी। गुमशुदगी रिपोर्ट में बताया गया था कि शुक्रवार सुबह करीब 5:45 बजे जब वह उन्हें मुंह धोने के लिए बुलाने बाहर गईं, तब वह वहां मौजूद नहीं थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संबंधित थाने की पुलिस को त्वरित जांच के निर्देश दिए थे।
जांच में मिली लाश
इस संबंध में एएसपी राम पुकार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आसपास के मोहल्लों में छानबीन करते हुए कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसी दौरान घर के समीप स्थित एक कुएं की तलाशी ली गई, जहां से उनका शव बरामद हुआ। भगवान बाजार थाने के थानाध्यक्ष रणधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
ये भी पढ़ें:
सोते हुए युवक के सिर में मारी गोली! जमीन विवाद में जान पर आफत, परिवार ने लगाए चौंकाने वाले आरोप
डिप्रेशन में थे वकील
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पवन कुमार पिछले लगभग एक माह से मानसिक तनाव और अवसाद (डिप्रेशन) में थे। पुलिस फिलहाल इस मामले को दुर्घटना अथवा आत्महत्या के एंगल से भी देख रही है, हालांकि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद अधिवक्ता संघ तथा न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।