समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भागीरथपुर पंचायत में एक 10 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। बच्ची का शव एक बोरी में बंधा हुआ मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मासूम की पहचान होते ही परिवार में मचा कोहराम
मृत बच्ची की पहचान भागीरथपुर निवासी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने बच्ची को साइकिल चलाने के बहाने अपने साथ बुलाया था। देर शाम तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।
युवक के घर के पीछे बोरी में मिला शव
परिजनों ने संबंधित युवक के घर जाकर पूछताछ की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद युवक के घर के पीछे एक बोरी में बच्ची का शव बरामद होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपित घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:
पांच दिन से लापता है 18 साल की निभा! मोबाइल घर में छोड़ अचानक हुई गायब, रो-रोकर बेटी को खोज रहे परिजन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और गुस्से का माहौल है। ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।