फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: सास को लुटवाने की साजिश में बहू ही निकली मास्टरमाइंड, नकाबपोश बनकर पहुंचे थे बदमाश

Mon, 21 Sep 2026 08:41 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर

सार

समस्तीपुर के शिवाजीनगर में सास के घर लूटपाट के मामले में पुलिस ने बहू समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बहू ने घर और सामान की जानकारी देकर कथित तौर पर साजिश में मदद की थी। आरोपियों की निशानदेही पर आभूषण, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया गया है।
 
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के अख्तवारा गांव में घर में घुसकर लूटपाट और मारपीट कर महिला को जख्मी करने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार घटना के पीछे किसी बाहरी गिरोह के साथ पीड़िता की बहू भी कथित तौर पर साजिश में शामिल थी। पुलिस ने मामले में बहू मनीषा कुमारी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे पीड़िता पूनम देवी अपने घर में सोई थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूनम देवी ने 11 सितंबर को शिवाजीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

विज्ञापन


सास के घर और सामान की दी जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को घटना के पीछे साजिश की कड़ी मिली।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की बहू मनीषा कुमारी ने कथित तौर पर लूट की साजिश में भूमिका निभाई थी। उसने अपनी सास के घर और वहां रखे सामान की जानकारी देकर आरोपियों की मदद की। इसके बाद शिवम कुमार समेत अन्य आरोपियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन


बहू समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर शिवम कुमार, पिता संदीप मंडल, निवासी सिसई और पीड़िता की बहू मनीषा कुमारी, पति पंकज कुमार, निवासी अख्तवारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

सोने के टॉप्स और चांदी की पायल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए सामान और घटना में इस्तेमाल वस्तुएं बरामद की हैं। इनमें सोने जैसे एक जोड़ी टॉप्स, चांदी जैसी एक जोड़ी पायल और एक कीपैड मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल, आरोपी की शर्ट, नकाब के लिए इस्तेमाल गमछा और मारपीट में इस्तेमाल पीवीसी पाइप का टुकड़ा भी बरामद किया गया है।

धमकी भरा पर्चा भी मिला
जांच के दौरान पुलिस ने धमकी भरे नारे वाला एक पर्चा भी बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे और साजिश के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था। बरामद सामान, तकनीकी साक्ष्य और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस बोली-तकनीकी जांच से खुला राज
रोसड़ा के पुलिस उपाधीक्षक संजय सिंहा ने बताया कि तकनीकी जांच, बरामदगी और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले का उद्भेदन किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें