समस्तीपुर की बिटिया ज्योति ने बिहार भर में चौथा स्थान लाया
- फोटो : Amar Ujala
बिहार बोर्ड मैट्रिक 2026 का परिणाम आते ही समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड के नरहन गांव में जश्न का माहौल छा गया। जेपीएन हाई स्कूल नरहन की छात्रा ज्योति कुमारी ने 487 अंक हासिल कर पूरे बिहार में चौथा स्थान प्राप्त किया। एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली इस होनहार बेटी ने साबित कर दिया कि मजबूत इरादे हों तो सीमित संसाधन भी आड़े नहीं आते।
होटल से चलता है परिवार
ज्योति के पिता गांव में एक छोटा होटल चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। इतने सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। ज्योति ने भी परिवार के इस भरोसे को अपनी मेहनत और लगन से सच साबित किया और आज पूरे बिहार में अपना और अपने परिवार का नाम रोशन कर दिया।
माता-पिता ने बढ़ाया हौसला
ज्योति ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे नियमित पढ़ाई और खुद पर पक्का भरोसा रहा। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। ज्योति का कहना है कि अगर लक्ष्य तय हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी परिस्थिति इंसान को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।
डॉक्टर बनकर करेंगी समाज सेवा
ज्योति का सपना आगे पढ़कर डॉक्टर बनना है। वह समाज की सेवा करना चाहती हैं और इसके लिए वह पूरे जोश के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखेंगी। उनकी यह सोच और दृढ़ संकल्प उन्हें और भी खास बनाता है।
ये भी पढ़ें-
Bihar Board Topper: 'पिता का साया नहीं...मां ने दूध बेचकर पढ़ाया', सलोनी ने मैट्रिक में हासिल की 8वीं रैंक
गांव में खुशी का माहौल
ज्योति की इस शानदार कामयाबी से परिवार, स्कूल और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय लोगों ने मिठाई खिलाकर और बधाई देकर उनका उत्साह बढ़ाया। आज ज्योति कुमारी गांव की तमाम बच्चियों के लिए एक जीती-जागती मिसाल बन गई हैं जो यह संदेश देती हैं कि कठिन हालात भी मजबूत इरादों के सामने टिक नहीं सकते।