बिहार विधान परिषद चुनाव के तहत दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्तूबर को मतदान होगा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 1,26,951 मतदाताओं के मतदान के लिए कुल 138 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 9,026 मतदाताओं के मतदान के लिए 99 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह विधान परिषद चुनाव के लिए दरभंगा में 32, मधुबनी में 23, समस्तीपुर में 24 और बेगूसराय में 20 सहित कुल 237 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
बता दें कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के सर्वेश कुमार और राजद के अनिल कुमार झा के बीच माना जा रहा है। हालांकि, जन सुराज के डॉ. इम्तियाज नूरानी इसे त्रिकोणीय मुकाबला बनाने का दावा कर रहे हैं।
वहीं, दरभंगा नगर निगम की मेयर के पति सिबगतुल्लाह खान उर्फ डब्बू खान भी मुकाबले को दिलचस्प बनाने में जुटे हैं। उन्होंने अपनी जीत का दावा किया है। उनका कहना है कि उन्होंने अब तक जितने भी चुनाव लड़े हैं, उनमें जीत हासिल की है। इसी आधार पर उन्हें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भी अपनी जीत का भरोसा है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा, राजद के कुमर राउत, जदयू के डॉ. घनश्याम राय और डॉ. सुरेश राय के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक लगाने का दावा कर रहे हैं।
वहीं, मुंगेर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पद से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतरे जदयू के डॉ. घनश्याम राय उन्हें हैट्रिक लगाने से रोकने और अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कह रहे हैं।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद ने पहली बार कुमर राउत को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जन सुराज के डॉ. सुरेश राय पिछले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे, लेकिन उन्हें डॉ. मदन मोहन झा से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वह जन सुराज के टिकट पर फिर चुनाव मैदान में हैं और जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
चुनाव की तैयारियों के संबंध में दरभंगा के प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार ने बताया कि निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाना निर्धारित है। प्रथम चरण का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। शेष प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा, ताकि सभी कर्मी निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का समुचित ढंग से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने संबंधित जिलों के सहायक निर्वाची पदाधिकारियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।