बिहार सरकार की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की पहल के तहत मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड स्थित काको पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मंत्री ने सुनी लोगों की समस्याएं
सहयोग शिविर के दौरान मंत्री लेसी सिंह ने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों और आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता और प्रशासन के बीच मजबूत हो रहा संवाद
मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर सिर्फ योजनाओं की जानकारी देने का मंच नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
ये भी पढ़ें-
Land Bihar : 11 टाउनशिप की जमीन के मुआवजे पर बड़ा एलान; CM सम्राट चौधरी ने जमीन मालिकों को बताई दर
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का पारदर्शिता और तत्परता के साथ निष्पादन किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।