जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने बुधवार को राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान दरभंगा हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने का मुद्दा उठाया।
18 सितंबर 2024 को बिहार सरकार ने भेजा था प्रस्ताव
अपने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने 18 सितंबर 2024 को नागरिक उड्डयन मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा था, जिसमें दरभंगा हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने और वाइड-बॉडी विमानों के संचालन के लिए रनवे विस्तार का अनुरोध किया गया। वर्तमान में यह हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना के नियंत्रण में है, इसलिए अवसंरचनात्मक विस्तार के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय आवश्यक है।
बिहार सरकार ने जमीन उपलब्ध कराई
संजय कुमार झा ने कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने 18 अक्टूबर 2024 के पत्र में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रनवे को 12,000 फीट तक विस्तारित करने के लिए 90 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता बताई थी। इस पर बिहार सरकार ने 13 नवंबर 2024 को रक्षा मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) का अनुरोध किया, जिस पर 9 दिसंबर 2024 को रक्षा मंत्रालय ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद बिहार सरकार ने 10 जनवरी 2025 को मंत्रिपरिषद के निर्णय द्वारा ₹245 करोड़ की राशि के साथ भूमि अधिग्रहण की स्वीकृति दी, जो जिला पदाधिकारी, दरभंगा को उपलब्ध करा दी गई।
ये भी पढ़ें:
जमीन के लालच में रिश्तों की हत्या की कोशिश, सुलतानगंज में भाई की पत्नी ने ईंट से किया हमला
जल्द पूरी की जाए मांग
सांसद ने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डा बढ़ती यात्री संख्या, बिहार और पड़ोसी राज्यों से मजबूत कनेक्टिविटी और विभिन्न एयरलाइनों के संचालन के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण बन चुका है। नेपाल सीमा के निकट होने के कारण यह अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए स्वाभाविक रूप से उपयुक्त है। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री से आग्रह किया कि दरभंगा हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए और भारत सरकार के संबंधित मंत्रालयों और विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर बिहार सरकार के प्रस्ताव पर त्वरित निर्णय लिया जाए।