वन प्रमंडल की केंद्रीय टीम की सूचना और निशानदेही पर स्थानीय वन विभाग की टीम ने वन्यजीव खाल तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से दो हिरण और एक तेंदुए की खाल बरामद की गई है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान मधुबनी जिले के लखनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहिका निवासी स्व. अरुण कुमार झा के पुत्र अजय कुमार झा उर्फ बबलू, झंझारपुर के दक्षिण बेहट गांव निवासी स्व. राम नारायण झा के पुत्र पंकज कुमार झा, मुजफ्फरपुर जिले के राहुल नगर गांव निवासी स्व. यदुनंदन प्रसाद के पुत्र धीरज कुमार तथा पूर्वी चंपारण जिले के फेनारा थाना क्षेत्र के कुम्हरार गांव निवासी बृजेंद्र कुमार सिंह के पुत्र चंदन कुमार सिंह के रूप में हुई है।
पढ़ें; सीट को लेकर गोल्डन टेंपल मेल में विवाद, दो युवकों ने एक यात्री को बुरी तरह पीटा; आरपीएफ ने किया गिरफ्तार
वन प्रमंडल पदाधिकारी भास्कर चंद्र भारती ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से वन्यजीवों की खाल की तस्करी में संलिप्त था। केंद्रीय टीम कई दिनों से इस नेटवर्क पर नजर बनाए हुए थी। गहन सत्यापन और पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद स्थानीय वन विभाग के सहयोग से छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।