दरभंगा जिले में एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बहेड़ी प्रखंड के बलिगांव पंचायत के रोजगार सेवक मनोज गुप्ता की सरेआम पिटाई की जा रही है। वीडियो में एक व्यक्ति लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट करता दिख रहा है और साथ ही गाली-गलौज करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप भी लगा रहा है। इस घटना ने प्रशासन और आमजन, दोनों के बीच गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप
घटना का वीडियो सामने आने के बाद जिले में हलचल मच गई है। वीडियो में तीन लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनमें से एक संवेदक वरिष्ठ यादव के रूप में पहचान में आए, जो मनोज गुप्ता को अचानक लात मार देते हैं और मारपीट शुरू कर देते हैं। वहां मौजूद तीसरा व्यक्ति स्थिति को संभालने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन हमलावर युवक रुकता नहीं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए बार-बार हमला करता है।
यह भी पढ़ें- पूर्णिया टेटगामा नरसंहार: एक और आरोपी गिरफ्तार, पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस नेता; राहुल गांधी ने जताया दुख
‘वाउचर बदलने और पैसे न देने का लगाया आरोप’
वीडियो में मारपीट कर रहा व्यक्ति यह कहते हुए सुना जा सकता है कि रोजगार सेवक ने सारा वाउचर बदल दिया है और काम कराने के बावजूद पैसे नहीं दिए। बाद में सामने आए बयान में आरोपी वरिष्ठ यादव ने बताया कि वह पहले ही पीओ प्रशांत मोहन ठाकुर को शिकायत कर चुका था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह बार-बार शिकायत करने के बावजूद निराश हुआ और यही उसकी प्रतिक्रिया का कारण बना।
डीएम ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश
घटना के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए इस पूरे मामले की जांच का जिम्मा डीडीसी (उप विकास आयुक्त) को सौंपा है। उन्होंने साफ कहा कि कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह सरकारी कर्मी हों या संवेदक।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक करने जा रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
इस मामले में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) प्रशांत मोहन ठाकुर से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी वीडियो मेरे पास नहीं पहुंचा है। जांच चल रही है, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।