पुलिस की गिरफ्त में आरोपी राजा
- फोटो : अमर उजाला
मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में दरभंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मो. रिजवी उर्फ राजा नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से वाहन चालक है और पिकअप वैन चलाने के साथ ही पंचर की दुकान भी चलाता है।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: PM मोदी को अपशब्द के विरोध में भाजपा का हल्लाबोल, कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में घुसकर तोड़फोड़
राहुल गांधी की यात्रा के दौरान हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, यह मामला 27 अगस्त का है, जब राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा दरभंगा के बिठौली इलाके से गुजर रही थी। इसी दौरान कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री और उनकी माता के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल गया। घटना ने राजनीतिक हलकों में हंगामा मचा दिया था।
भाजपा नेता ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
इस मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने सिमरी थाना में एफआईआर (संख्या 243/25) दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में कांग्रेस नेता मो. नौशाद को मुख्य आरोपी बनाया गया था। इसी सिलसिले में पहली गिरफ्तारी करते हुए पुलिस ने मो. रिजवी उर्फ राजा को पकड़ा है।
पुलिस ने मीडिया के सामने किया पेश
दरभंगा सदर के एसडीपीओ-2 सुरेंद्र कुमार सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि रिजवी को मीडिया के सामने भी लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मुजफ्फरपुर के सकरा में पाकिस्तानी आतंकी के दिखने की चर्चा, पुलिस हाई अलर्ट पर
गिरफ्तारी से बढ़ा राजनीतिक तापमान
गाली-गलौज की इस घटना को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। पुलिस का कहना है कि गाली देने के पीछे का मकसद अभी साफ नहीं हुआ है। जांच में शामिल अन्य लोगों की भी भूमिका की पड़ताल की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।