फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: नर्सिंग स्टूडेंट्स का हंगामा, रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप; सड़क जाम कर बोले- कॉपियां दोबारा जांचें

Thu, 20 Aug 2026 05:06 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर

सार

समस्तीपुर में बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लीडर इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच और रिजल्ट की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की।
विज्ञापन
समस्तीपुर जिले के हरपुर एलॉथ में सड़क जाम करते हुए छात्र।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

समस्तीपुर जिले के लीडर इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन के छात्रों ने संस्थान प्रबंधन पर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद फेल किए जाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को जमकर बवाल किया। बीएससी नर्सिंग प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ के पास समस्तीपुर-मुसरीघरारी मुख्य मार्ग जाम कर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र परिणाम की निष्पक्ष समीक्षा और उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

सड़क पर छात्र, दोनों तरफ वाहनों की कतार

विज्ञापन

गुरुवार को छात्र बड़ी संख्या में हरपुर एलौथ के पास मुख्य मार्ग पर पहुंच गए। इसके बाद सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाथों में मांगों से जुड़ी तख्तियां लिए छात्रों ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारी छात्र संस्थान के चेयरमैन को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। छात्रों के सड़क पर उतरने से समस्तीपुर-मुसरीघरारी मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। छात्रों का कहना था कि उनकी शिकायत का समाधान संस्थान के जिम्मेदार अधिकारी की मौजूदगी में ही होना चाहिए।

परीक्षा अच्छी गई, रिजल्ट देखकर रह गए हैरान
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी पूरी मेहनत से की थी। परीक्षा भी बेहतर हुई, लेकिन परिणाम आने पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया। छात्रों का कहना था कि परिणाम में उन्हें अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं मिले। छात्रों के मुताबिक, संस्थान में दाखिले के समय प्रबंधन की ओर से उन्हें पढ़ाई और परीक्षा को लेकर भरोसा दिलाया गया था। उन्होंने उसी भरोसे के साथ पढ़ाई जारी रखी और परीक्षा दी। लेकिन परिणाम सामने आने के बाद वे खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।

एक मांग पर अड़े छात्र ‘रिजल्ट की निष्पक्ष जांच हो’

विज्ञापन

छात्रों ने मांग की कि परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष तरीके से समीक्षा कराई जाए। जिन विद्यार्थियों को गलत तरीके से फेल किए जाने का संदेह है, उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराई जाए। छात्रों का कहना था कि सिर्फ आश्वासन देकर उनकी शिकायत को खत्म नहीं किया जा सकता। उन्हें यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि परिणाम में इतने छात्र फेल क्यों हुए और उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाएगी। इसी मांग को लेकर वे चेयरमैन को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे।

बुधवार को दूसरे नर्सिंग कॉलेज में भी मचा था हंगामा
परीक्षा परिणाम को लेकर समस्तीपुर में लगातार दूसरे दिन नर्सिंग छात्रों का विरोध सामने आया है। बुधवार को एसके मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, सिंघिया खुर्द के छात्रों ने भी रिजल्ट को लेकर कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया था। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में खड़ी एक बस के शीशे तोड़ दिए थे।

ये भी पढ़ें- Bihar News: तेजस्वी यादव का NDA सरकार पर हमला, कहा- बिहार को पुलिस स्टेट बनाना चाहते हैं सम्राट चौधरी

विज्ञापन


आईसीयू में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया गया था। सूचना पर कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस भारी संख्या में पहुंची और छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया। लगातार दो दिनों में दो नर्सिंग संस्थानों के छात्रों का रिजल्ट को लेकर सड़क और कॉलेज परिसर में उतरना मामले को गंभीर बनाता है। अब छात्रों की शिकायत पर संस्थान प्रबंधन और संबंधित परीक्षा प्राधिकरण की प्रतिक्रिया तथा परिणाम की समीक्षा को लेकर होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

समस्तीपुर जिले के हरपुर एलॉथ में सड़क जाम करते हुए छात्र फोटो: अमर उजाला

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें