दरभंगा जिले के रैयाम थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव में चार दिनों से लापता 12 वर्षीय छात्र का शव शनिवार को पोखर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान रामबली पासवान के बेटे राजन कुमार के रूप में हुई है, जो सातवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, राजन 13 अगस्त की शाम को अपने दादा के लिए दवा लेने साइकिल से बाजार गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। देर रात तक जब वह नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रैयाम थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की।
शनिवार की दोपहर गांव की कुछ महिलाएं घास काटने गईं तो बगड़ा चौर स्थित पोखर में छात्र का शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को खबर दी गई। मृतक की मां सुनीता देवी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे की खोजबीन के नाम पर पुलिस पैसे की मांग कर रही थी। उन्होंने रोते हुए बताया कि कुछ समय पहले उनके बड़े बेटे की भी दुर्घटना में मौत हो चुकी है और अब छोटे बेटे की भी जान चली गई।
यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव: राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर BJP का हमला, कहा- उधार के गांधी, तेजस्वी से पूछा ऐसा सवाल
इसी तरह मृतक के चचेरे भाई दसरथ दास ने भी पुलिस पर पैसे लेने का आरोप लगाया। उसने बताया कि परिजनों से 10 हजार रुपये लिए गए थे। दसरथ ने दावा किया कि यह हत्या किसी "बलि" से जुड़ा मामला हो सकता है। शव पर गला दबाने और केमिकल से जलाने जैसे निशान पाए गए हैं। मामले में रैयाम थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मौके से सैंपल इकट्ठा करने के लिए FSL टीम को बुलाया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।