दरभंगा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना कांड संख्या 38/25 में फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार झा, निवासी मानपुर गांव, थाना बेनीपट्टी, जिला मधुबनी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि आरोपी ने अपनी ही पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए थे। पीड़िता ने दरभंगा साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी की नग्न तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तरीके से प्रसारित कर रहा था। इतना ही नहीं, वह अन्य लड़कियों के फोटो और वीडियो भी शेयर करता था। इस संबंध में उसकी पत्नी अर्चना देवी ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दी थी।
पढ़ें: पावर काॅरपोरेशन की टीम पर हमला, जर्मन शेफर्ड कुत्ता भी छोड़ा, प्रधान समेत चार पर प्राथमिकी
शिकायत के आधार पर साइबर डीएसपी विपिन बिहारी के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। बताया गया कि आरोपी लगभग एक वर्ष से फरार था और मुंबई में रह रहा था। हाल ही में उसके गृह जिला मधुबनी के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र स्थित मानपुर गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
साइबर अपर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायतों पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करती है।
वहीं साइबर डीएसपी विपिन बिहारी ने लोगों से अपील की कि इस प्रकार की घटना होने पर मानसिक तनाव में न आएं, बल्कि तुरंत संबंधित थाना या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी आईडी बनाकर इस तरह के अपराध करने वालों तक भी पुलिस पहुंचती है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है।