फाइल फोटो : अंकित कुमार पंकज कुमार
दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे 17 पर सोनपुर गांव के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसे में तीन बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तीनों युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मारा और इसके बाद फरार हो गया।
क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे थे युवक
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। सभी एक ही गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान पंकज कुमार, अंकित सहनी और विवेक सहनी के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हुए।
डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित किया
बताया जाता है कि तीनों दोस्त अखराहा गांव से बाइक पर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बिरौल से सहरसा जाने वाली स्टेट हाइवे 17 पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दिया। इसके बाद स्थानीय लोग तीनों को पीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें:
बदमाश ने महिला समेत दो को मारी गोली, गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीटा, इलाज के दौरान हुई मौत
'शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया'
घटना पर बिरौल थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पड़े तीनों शवों को पीएचसी ले गई। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया। सभी के परिजनों को सूचना दे दी गई और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया। वहीं, बिरौल अनुमंडल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पुलिस इस मामले में इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से ठोकर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।