समस्तीपुर में नहीं थम रही बदसलूकी
- फोटो : Amar Ujala
समस्तीपुर जिले में नाबालिग युवतियों से मारपीट और बदसलूकी से जुड़े वीडियो सामने आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले तीन दिनों के भीतर जिले से ऐसा तीसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। नया मामला जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक नाबालिग लड़की को घेरकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लोगों को लड़की का दुपट्टा खींचते और उसका हाथ मरोड़ते हुए भी देखा जा रहा है।
वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल है। मामले को लेकर समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का ही है या किसी दूसरे स्थान का।
तीन दिनों में तीसरा वायरल वीडियो
बताया जा रहा है कि जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। सबसे पहले बुधवार देर रात कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर से एक युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए त्वरित कार्रवाई की थी। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके करीब 16 घंटे बाद मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव से युवक और युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस मामले में भी पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। अन्य लोगों की तलाश जारी है।
अब तीसरा वायरल वीडियो जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। वीडियो में एक लड़की को कुछ लोगों ने घेर रखा है और उसके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो कब का है और घटना वास्तव में कहां की है, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
एसपी बोले- वीडियो की जांच की जा रही
वायरल वीडियो को लेकर पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस इसकी जांच कर रही है। सबसे पहले वीडियो की सत्यता और उसके स्थान की पुष्टि की जा रही है। इसके बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब का है, इसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और घटना किस परिस्थिति में हुई।
पुराने वीडियो को नए मामले से जोड़ने की भी आशंका
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने वाले वीडियो को लेकर पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी सत्यता और समय-स्थान की पुष्टि करना है। कई बार पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम से जोड़कर प्रसारित किए जाने की शिकायतें भी सामने आती हैं। ऐसे में कल्याणपुर के वायरल वीडियो को लेकर पुलिस पहले इसकी लोकेशन और घटना की तारीख की जांच कर रही है। सत्यापन के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो वास्तव में कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है या नहीं। फिलहाल तीन दिनों के भीतर समस्तीपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार तीसरे वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। पहले दो मामलों में कार्रवाई के बाद अब कल्याणपुर के वायरल वीडियो की जांच के परिणाम का इंतजार है।