सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों
- फोटो : Amar Ujala
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित सिंधियाघाट बाजार में गुप्त सूचना के आधार पर एक कुख्यात वारंटी की गिरफ्तारी के लिए सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों को कुछ लोगों ने अपराधी समझ लिया। इसके बाद कथित तौर पर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पथराव में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई, जबकि पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान बिगड़े हालात
पुलिस के अनुसार, खानपुर थाना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कुख्यात वारंटी सिंधियाघाट बाजार में मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मंगलवार देर शाम कार्रवाई के लिए वहां पहुंची। पुलिस ने मौके से चंदन चौधरी नामक युवक को हिरासत में लिया। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने सादे लिबास में आए पुलिसकर्मियों को अपराधी समझ लिया। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और पुलिस टीम को घेरकर पथराव शुरू कर दिया।
महिला जवान घायल, वाहन के शीशे टूटे
अचानक हुए पथराव में महिला पुलिसकर्मी रीना कुमारी घायल हो गईं। वहीं, पुलिस वाहन के शीशे भी टूट गए। स्थिति अनियंत्रित होती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वीडियो और सीसीटीवी से होगी पहचान
पथराव और हमले के बाद पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा वायरल वीडियो की मदद से घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
Bihar : 'ऐसा करो, वरना गणित में फेल कर देंगे'- शिक्षक पर छात्राओं के आरोप, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा
थानाध्यक्ष बोले-गलतफहमी बनी घटना की वजह
खानपुर थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम वारंटी की गिरफ्तारी के लिए विधिसम्मत कार्रवाई कर रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सादे लिबास में होने के कारण कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को अपराधी समझ लिया, जिसके बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई।
एसडीपीओ ने दिए जांच के निर्देश
रोसड़ा के पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सिंधियाघाट बाजार और आसपास के इलाके में स्थिति सामान्य है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।