समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उदापट्टी गांव में शनिवार सुबह एक किसान नवोनाथ चौधरी (55) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गांव के ही दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव लाने वाले वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक के छोटे भाई रामनरेश चौधरी ने बताया कि शुक्रवार रात उनके भाई नवोनाथ घर पर सो रहे थे। देर रात गांव के ही चंदन चौधरी और मणिकांत चौधरी उन्हें किसी काम का हवाला देकर अपने साथ ले गए। इसके बाद नवोनाथ रात भर घर नहीं लौटे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे एक वाहन उनके घर के सामने रुका, जिसमें नवोनाथ का शव था। शव उतारने के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- Dowry: 'उन लोगों ने पहले मिलकर मेरी बेटी को पीटा, फिर गला दबाकर ले ली जान', बताते हुए फूटकर रो पड़े मायकेवाले
रामनरेश के अनुसार, चालक ने बताया कि वह कमतौल से शव लेकर आया है, लेकिन मौत के कारण के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
हत्या की आशंका, पर नहीं मिले बाहरी चोट के निशान
रामनरेश ने बताया कि उनके भाई के शरीर पर बाहरी जख्म के कोई निशान नहीं थे, लेकिन पैंट पर खून के धब्बे थे। साथ ही शव के पाखाने के रास्ते से खून निकल रहा था। परिजनों को शक है कि अंदरूनी अंगों या हड्डियों को नुकसान पहुंचाकर उनकी हत्या की गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar : भाभी से निकाह पढ़ा, बेगम बनी तो अब पीट-पीट कर मार डाला; नहा-धोकर घर से फरार, मगर अब तक FIR भी नहीं
पुलिस ने मामले को बताया संदिग्ध
मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष फैजुल अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है, ताकि मौत का सटीक कारण पता चल सके। थाना अध्यक्ष ने कहा कि अभी तक परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।