बिहार के दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में दीपावली के दिन युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके चचेरे भाई कुमोद ठाकुर ने घर में घुसकर पिस्टल से गोली मारी। वारदात के बाद बाइक से भागते समय आरोपी ने मलौल गांव में एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बिहार के दरभंगा में दीपावली की खुशियों के बीच हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में एक युवक ने घर में घुसकर अपने ही चचेरे भाई काशी ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी कुमोद ठाकुर ने घर के अंदर चौकी पर बैठे काशी के पास जाकर पहले बातचीत की और फिर विवाद के बाद उसके मुंह से सटाकर गोली चला दी। वारदात के बाद बाइक से फरार हो रहे आरोपी को बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
घर में घुसकर चचेरे भाई को मारी गोली
जानकारी के अनुसार, दीपावली के मौके पर काशी ठाकुर अपने घर के अंदर चौकी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका चचेरा भाई कुमोद ठाकुर घर में पहुंचा और उसके पास बैठ गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टल काशी के मुंह से सटाकर गोली चला दी। गोली लगने से काशी की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक से भागते समय दूसरे व्यक्ति को मारी टक्कर
हत्या के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। भागने के दौरान बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में उसकी बाइक एक व्यक्ति से टकरा गई। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई की और उसे रस्सी से बांधकर रोक लिया। घटना की सूचना मिलने पर बहेड़ा और बिरौल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पिस्टल और मैगजीन बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी और बिरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ ने बताया कि सूचना मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और मैगजीन बरामद की है।
गांव में तनाव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
दीपावली के दिन हुई हत्या के बाद पड़री गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।