प्रयागराज में कक्षा तीन की छात्रा के साथ दुष्कर्म।
- फोटो : अमर उजाला।
दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर मोहल्ले में एक जिम संचालक पर 25 वर्षीय युवती ने अश्लील मैसेज भेजने, जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने महिला थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ कथित व्हाट्सऐप चैट और वीडियो क्लिप के साक्ष्य भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवती का आरोप है कि वह पिछले करीब छह महीने से सैदनगर स्थित एक जिम में जाती थी। इसी दौरान जिम संचालक से उसकी जान-पहचान हुई। मोबाइल पर बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि इसके बाद संचालक की ओर से युवती के मोबाइल पर शारीरिक संबंध बनाने को लेकर आपत्तिजनक संदेश और अश्लील वीडियो भेजे जाने लगे। युवती का कहना है कि उसने व्हाट्सऐप पर लगातार इन हरकतों का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद उसे परेशान किया जाता रहा।
छिपे कैमरे से वीडियो बनाने की धमकी देने का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि जिम संचालक उसे धमकी देता था कि उसने जिम के ट्रायल रूम में छिपा कैमरा लगाया है और उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो रिकॉर्ड किए हैं। आरोप है कि वह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती पर दबाव बनाता था। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसे रात करीब एक से दो बजे के बीच लगातार फोन किए जाते थे। इसके अलावा व्हाट्सऐप पर अश्लील संदेश और वीडियो भेजे जाते थे। युवती के अनुसार, इनसे जुड़े साक्ष्यों की प्रतियां भी उसने शिकायत के साथ पुलिस को दी हैं।
मानसिक तनाव और भविष्य में अनहोनी की जताई आशंका
युवती ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि लगातार परेशान किए जाने से वह मानसिक तनाव और भय में है। उसका आरोप है कि फोन नहीं उठाने पर भी उसे धमकाया जाता था। उसने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बिहार: भाई ने भाई को मार डाला, बीच बचाव करने गए तीन लोगों को चाकू गोदा; जानिए सहरसा में क्यों हुआ ऐसा खूनी खेल
पुलिस बोली-आरोप सही पाए जाने पर करूंगी कार्रवाई
महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि युवती का आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में लगाए गए गंभीर आरोपों और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी भी कर रही है।