दरभंगा में बेनीपुर स्टेट हाईवे-56 पर चलती ऑटो में पर्स चोरी करने के आरोप में तीन महिलाओं को लोगों ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों महिलाओं को भीड़ के चंगुल से मुक्त कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने चोरी गए 1200 रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार बेनीपुर प्रखंड के विश्वनाथपुर उफरदाहा निवासी हसीना खातून ऑटो से बेनीपुर जा रही थीं। इसी दौरान कंथूडीह के पास तीन महिलाएं भी उसी ऑटो में सवार हुईं। जब ऑटो धरौड़ा चौक के पास पहुंचा और हसीना उतरने लगीं, तब उन्हें पता चला कि उनके पर्स से 1200 रुपये गायब हैं।
हसीना खातून ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले भी उनके साथ इसी तरह की चोरी हुई थी। उस समय भी तीन महिलाएं ऑटो में सवार थीं और उनका सामान व पर्स चोरी हो गया था। संदेह होने पर उन्होंने उस दौरान अपने मोबाइल से कुछ तस्वीरें ली थीं, जो अब भी उनकी गैलरी में सुरक्षित थीं। इस बार जब उन्होंने ऑटो में मौजूद महिलाओं का चेहरा मोबाइल की पुरानी तस्वीरों से मिलाया तो उन्हें वही महिलाएं नजर आईं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: Bihar News: खेलते-खेलते तालाब पहुंचे मासूम, डूबने से सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
हसीना के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने बाइक से पीछा कर ऑटो को रोक लिया और तीनों महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पर्स से चोरी किए गए 1200 रुपये भी बरामद हो गए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने तीनों महिलाओं की पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस ने उनके पास से चोरी के 1200 रुपये और पर्स बरामद कर जब्त कर लिया।
बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनकी पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दरभंगा- बेनीपुर स्टेट हाईवे पर चलती गाड़ियों से यात्रियों के सामान और पर्स चोरी होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी संगठित गिरोह का मामला तो नहीं है।