भोलाराम के जिंदा होने पर SSP ने कहा...
दरभंगा में मब्बी थाना क्षेत्र के सिमरा नेहालपुर गांव के भोलाराम हत्या मामले में गुरुवार को एक नाटकीय मोड सामने आई है। मब्बी थाना कांड संख्या-22/25 का सूचक जगदेव राम का पुत्र धीरज कुमार ने अपने कथित मृतक भाई को साथ लेकर विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी की अदालत में आवेदन समर्पित किया कि उसका भाई भोला कुमार राम जिंदा है, जिसे पुलिस ने मृत घोषित कर दिया था।
सूचक ने आगे कहा कि 28 फरवरी 2025 को पुलिस ने उसे फोन कर डीएमसीएच बुलाया और चेहरा विकृत अज्ञात शव को मुझसे जबरन पहचान कराया और एक मार्च 25 को शव सुपूर्द कर दिया। शव की आयु 20-25 वर्ष थी। जबकि सूचक के भाई की उम्र 16-17 वर्ष है। सूचक ने अपने आवेदन में अंकित किया है कि उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया कि तुम्हारा भाई नेपाल में है। उक्त पते पर सूचक नेपाल के इण्डस्ट्रीज मिर्चाईया कटारी चौक गया, जहां उसे भाई भोला जीवित मिला और बताया कि 2-3 अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया तथा उसे एक कमरे में बंद कर रखता था। स्पेशल पीपी संजीव कुमार कुंवर ने सूचक का आवेदन की प्रति प्राप्त कर कांड के अनुसंधानक को सूचित किया।
यह भी पढ़ें: अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, गंभीर स्थिति में चल रहा इलाज
केस के अनुसंधानक ने कथित मृतक भोलाराम को अभिरक्षा में लेकर कोर्ट में प्रस्तुत किया तथा कोर्ट से जिवित भोला का बीएनएसएस की धारा-183 के तहत बयान अंकित करने की याचना किया। स्पेशल जज शैलेंद्र कुमार ने 183 बीएनएसएस के तहत बयान दर्ज करने के लिए सीजेएम को निर्देशित किया। जहां उसका बयान दर्ज किया गया। कुमार की अदालत ने जीवित भोला को उचित पहचान पर उसके माता पिता को सौंप देने का आदेश पारित किया है।
यहां बड़ा सवाल यह है कि आखिर अल्ललपट्टी रेलवे गुमटी के निकट मिले अज्ञात जख्मी, जिसकी मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई तथा उसका दाह संस्कार भी कर दिया गया, वह कौन था? यह यक्ष प्रश्न बन गया है। इसकी गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। वहीं, भोला कुमार राम की हत्या के अभियोग में काराधीन राहुल कुमार की न्यायिक अभिरक्षा में कैद अवधि के एवज में कैसे न्याय मिलेगी।
चूंकि कथित मृतक को जीवित रूप में प्राथमिकी के सूचक ने कोर्ट में प्रस्तुत कर हत्या की इस कहानी को स्वंय झुठला दिया है। इसके अतिरिक्त राज्य कोष से कथित मृतक की हत्या की एवज में मिले चार लाख 25 हजार रुपये का क्या होगा। इस वारदात ने पूरे तंत्र को सकते में डाल दिया है। इस संबंध में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि इस पूरे मामले की फिर से दोबारा जांच कराई जाएगी। अज्ञात व्यक्ति को भोलाराम बताने वाले पर भी कार्रवाई की जाएगी।