दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना परिसर में रिश्वत लेते दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने पुलिस अवर निरीक्षक (पु.अनि.) साजिद हुसैन खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र बनाया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
बताया जाता है कि लहेरियासराय थाना में पदस्थापित और ओडी ड्यूटी में तैनात साजिद हुसैन खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वायरल वीडियो में वे थाना परिसर स्थित ओडी कक्ष में अपने टेबल पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक युवक उनके सामने खड़ा है। आरोप है कि चरित्र प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर युवक से 500 रुपये की रिश्वत ली गई। वीडियो में यह भी देखा जा रहा है कि युवक थाना से बाहर निकलते समय 500 रुपये देने की बात कहता हुआ सुनाई दे रहा है।
SSP ने थानाध्यक्ष को सौंपी थी जांच
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार को जांच का निर्देश देते हुए रिपोर्ट मांगी थी। थानाध्यक्ष द्वारा की गई जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर एसएसपी ने संबंधित पुलिस अवर निरीक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें:
नीट छात्रा के परिवार को धमकी पर एक्शन, जांच के लिए गांव पहुंची FSL टीम
SSP ने मामले पर क्या कहा?
इस संबंध में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें थाना परिसर में चरित्र प्रमाण पत्र के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया गया था। मामले की जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से पुलिस विभाग की छवि धूमिल होती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पु.अनि. साजिद हुसैन खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।