राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
चैत्र शुक्ल नवमी की शुभ तिथि पर जहां एक ओर देश भर में रामनवमी की धूम रही, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी का 45वां स्थापना दिवस भी आज पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया गया। दरभंगा में रामनवमी और पार्टी स्थापना दिवस का संगम भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए खास उत्साह का कारण बना।
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित इस समारोह में राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता और बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व मंत्री संजय सरावगी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडोत्तोलन से हुई और हर बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar:आरसीपी सिंह ने रामनवमी पर बताई रामराज्य की परिकल्पना, वक्फ कानून और Cm नीतीश के स्वास्थ्य पर जताई चिंता
‘रामनवमी का संयोग हिंदू राष्ट्र की ओर संकेत’
इस दौरान राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने हिंदू राष्ट्र को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज के दिन भाजपा स्थापना दिवस के साथ रामनवमी के शुभ संकेत से दिख रहा है कि हमारा राष्ट्र हिंदू राष्ट्र घोषित होने की ओर अग्रसर हो रहा है।
‘2047 तक विकसित राष्ट्र का सपना साकार होगा’
बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि स्थापना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी के 2047 में विकसित देश बनने के सपने को लेकर कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भी भाजपा ने 200 सीटें पार करने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए संगठन पूरी तरह से तैयार है।
यह भी पढ़ें- Chaitra Navratri: 9वें दिन सिद्धिदात्री के दरबार में उमड़े श्रद्धालु, पूरे जिले में गूंजा जय माता दी का जयकारा
स्थापना दिवस को बनाया गया यादगार
दरभंगा जिले के पार्टी कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में सांसद, विधायक, विधानपार्षद, सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हर बूथ स्तर पर भी झंडोत्तोलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संवाद सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और आगामी लक्ष्यों से अवगत कराया गया।