फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: दरभंगा में फैली पेट्रोल-डीजल के किल्लत की अफवाह, पंपों पर बने मारामारी जैसे हालात

Mon, 30 Mar 2026 08:43 AM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

Bihar News: दरभंगा में रविवार देर रात पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह फैलते ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर देर रात भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लंबी कतारें लग गईं। कुछ पंपों के बंद रहने और आपूर्ति में अस्थायी बाधा से स्थिति और बिगड़ी। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
विज्ञापन
पेट्रोल डीजल के लिए लोगों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दरभंगा जिले में रसोई गैस की किल्लत के बीच बीती रात शहर सहित कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें लग गईं। लोग पेट्रोल और डीजल का स्टॉक रिजर्व करने को बेताब दिखे। बता दें कि रविवार को शहर के कई पेट्रोल पंप संचालकों ने ‘पेट्रोल और डीजल नहीं है’ का बोर्ड लगाकर पंप बंद कर दिए थे। यह जानकारी धीरे-धीरे पूरे शहर में फैल गई। इसके बाद शाम होते-होते बेला, दिल्ली मोड़, बेंता समेत कई पेट्रोल पंपों पर देर शाम तक लंबी-लंबी कतारें लग गईं। लोग एक-दूसरे को पीछे कर पेट्रोल-डीजल लेने के लिए आपाधापी करने लगे। अत्यधिक भीड़ के कारण कई पंपों को बंद करना पड़ा। इतना ही नहीं सोमवार की सुबह होते ही एक बार फिर बाइक सवारों की पेट्रोल पम्प भीड़ जमा हो गई है। लोगों के बीच पेट्रोल डीजल लेने की होड़ लगी हुई है। 

विज्ञापन


गैलन लेकर पंपों पर पहुंचे लोग
इसकी जानकारी मिलने पर टेंपो, बाइक, कार, ट्रैक्टर, ट्रक और बस चालकों के बीच भी आपाधापी मच गई। सैकड़ों लोग विभिन्न पंपों पर गैलन आदि लेकर तेल भराने पहुंचे, लेकिन कर्मियों ने इनकार कर दिया। पेट्रोल-डीजल के लिए उपभोक्ताओं को वाहन लेकर आने को कहा गया।

'नए टैंकर की आपूर्ति नहीं मिली'
एक पेट्रोल पंप संचालक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पिछले एक सप्ताह से पेट्रोल-डीजल के लिए ऑर्डर कर रखा है, लेकिन नए टैंकर की आपूर्ति नहीं मिली है। इस कारण लोगों को दिक्कत हो रही है। पंपों के बंद होने से लोग बेचैन हो रहे हैं। इधर शहर के पानी टंकी के पास स्थित पेट्रोल पंप के संचालक सह दरभंगा जिला पेट्रोल पंप ऑनर्स एसोसिएशन के सदस्य अनिल पंसारी ने कहा कि अभी पेट्रोल-डीजल की किल्लत नहीं हुई है। रविवार को पहले से ही कई पेट्रोल पंप बंद रहते हैं, इसलिए लोगों को आशंका हुई कि किल्लत हो गई है।
विज्ञापन


फवाह के कारण जुटी भीड़
हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि अफवाह के कारण उनके पंप पर भी रविवार को भारी भीड़ जुटी। आम दिनों में जहां रोज दो हजार लीटर पेट्रोल की बिक्री होती थी, वहीं रविवार को 12 हजार लीटर पेट्रोल बिका। उन्होंने कहा कि अफवाह के कारण पेट्रोल पंपों पर काफी ज्यादा भीड़ जुट रही है। उधर देर शाम में वीआईपी रोड के दोनार, बेंता और लहेरियासराय स्थित पंपों पर पेट्रोल-डीजल के लिए वाहन चालकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ‘पहले हम’ को लेकर कई लोगों में नोकझोंक भी हुई। हालांकि पेट्रोल पंप मालिकों ने बढ़ती भीड़ और आपाधापी के बीच किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए अंत में कई पंपों को बंद कर दिया।

ये भी पढ़ें: किसान के बेटे की मेहनत लाई रंग, दसवीं में आठवां स्थान लाकर टॉप-10 में बनाई जगह
विज्ञापन


प्रशासन ने क्या बताया?

हालांकि जिला आपूर्ति पदाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत नहीं है। कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी समस्या के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है, लेकिन सोमवार से आपूर्ति सुचारु रूप से हो जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 116 पेट्रोल पंप हैं और सभी पर सामान्य रूप से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें