दरभंगा में स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। लगातार जनप्रतिनिधि मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी ने समाहरणालय परिसर स्थित अंबेडकर सभागार में बने बूथ पर मतदान किया। वहीं, बेनीपुर से जदयू विधायक विनय कुमार चौधरी ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान किया।
मतदान के बाद मंत्री मदन सहनी ने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि बिहार की सभी आठ विधान परिषद सीटों पर हो रहे चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित दिखाई दे रही है। वहीं, पटना स्नातक सीट को लेकर उन्होंने कहा कि नीरज कुमार की जीत पक्की है। मंत्री ने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में मतदान करने से पीछे न हटें और अपने मताधिकार का जरूर प्रयोग करें।