Bihar: दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में दहेज को लेकर 20 वर्षीय विवाहिता मुस्कान कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बड़गांव में दो साल पहले ब्याही गई नवविवाहिता की दहेज के लिए कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी सुजीत कुमार से हुई थी और दोनों की छह महीने की एक बेटी भी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
शादी के बाद से दहेज के लिए होता था प्रताड़ित
मृतका के छोटे भाई राहुल कुमार ने बताया कि शादी के बाद से ही मुस्कान को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। परिजनों के अनुसार, अब तक करीब दो लाख रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद लगातार और पैसे की मांग की जा रही थी।
घटना से पहले मायके वालों को किया था फोन
परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब तीन बजे मुस्कान ने मायके फोन कर कहा था कि वह अब ससुराल में नहीं रहना चाहती, क्योंकि उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जा रही है। इसके कुछ देर बाद ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों ने मायके वालों को फोन कर कहा कि “अगर लड़की को देखना है तो आकर देख लो, वह मर गई है।” आरोप है कि बाद में यह भी कहा गया कि “अगर देखना है तो जल्दी आओ, नहीं तो जला देंगे।”
विज्ञापन
गले पर मिले जख्म के निशान
सूचना मिलते ही परिजन खगड़िया जिले के गंगौर थाना क्षेत्र अंतर्गत दाढ़ी मोड़ वार्ड नंबर-3 से मुस्कान के बड़गांव स्थित ससुराल पहुंचे, जहां उसका शव पड़ा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि मृतका के गले पर जख्म के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार
घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल बड़गांव थाना में आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने कही कार्रवाई की बात
थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलते ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।